मुंबई: Arijit Singh Retirement | बॉलीवुड म्यूज़िक इंडस्ट्री से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने करोड़ों फैन्स को भावुक कर दिया है। हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और सफल गायकों में शुमार अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर किए गए इस ऐलान ने इंडस्ट्री से लेकर फैन्स तक सभी को चौंका दिया।
अरिजीत सिंह ने अपने इस लंबे और ऐतिहासिक सफर को “शानदार” बताते हुए कहा कि वह अब फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया काम नहीं करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह संगीत से दूर नहीं जा रहे हैं और स्वतंत्र रूप से म्यूज़िक बनाते रहेंगे।
‘अब प्लेबैक सिंगर के रूप में विदा ले रहा हूं’
अरिजीत सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा,
“नमस्ते, आप सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं। इतने वर्षों तक श्रोताओं के रूप में मुझे जो प्यार मिला, उसके लिए दिल से धन्यवाद। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं अब प्लेबैक सिंगर के रूप में विदा ले रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।”
उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। फैन्स ने इसे बॉलीवुड म्यूज़िक के एक युग का अंत बताया।
सलमान खान के लिए गाना गाकर लिया संन्यास
दिलचस्प बात यह है कि अपने संन्यास से ठीक पहले अरिजीत सिंह ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के लिए गाना गाया। यह वही सलमान खान हैं, जिनके साथ अरिजीत की तकरार लंबे समय तक सुर्खियों में रही थी।
अरिजीत ने सलमान की फिल्मों टाइगर 3 और जल्द रिलीज़ होने वाली बैटल ऑफ गलवान के लिए गाना गाया। सलमान खान ने हाल ही में ‘बैटल ऑफ गलवान’ के इसी गाने के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें वे अपने घर के बच्चों के साथ गाने का आनंद लेते दिखे।
अरिजीत-सलमान विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
अरिजीत सिंह और सलमान खान के बीच विवाद की शुरुआत साल 2014 में एक अवॉर्ड शो से हुई थी।
स्टार गिल्ड अवार्ड्स के दौरान सलमान शो होस्ट कर रहे थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में थके हुए अरिजीत से पूछा—
“क्या आप सो रहे थे?”
इस पर अरिजीत ने व्यंग्यात्मक जवाब दिया—
“आप लोगों ने सुला दिया।”
सलमान खान ने इस टिप्पणी को अपमानजनक समझा और यहीं से दोनों के बीच दूरी बढ़ गई।
सलमान की फिल्मों से हटाए गए अरिजीत के गाने
इस विवाद का असर अरिजीत के करियर पर भी पड़ा। सलमान खान की फिल्मों किक, बजरंगी भाईजान और सुल्तान से अरिजीत के गानों के वर्जन हटा दिए गए।
‘सुल्तान’ का गाना बाद में राहत फतेह अली खान ने गाया।
2016 में अरिजीत ने मांगी थी सार्वजनिक माफी
साल 2016 में अरिजीत सिंह ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट लिखकर सलमान खान से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने इसे एक गलतफहमी बताया और ‘सुल्तान’ में अपने गाने को रखने का अनुरोध किया। हालांकि बाद में उन्होंने यह पोस्ट हटा दी।
कई साल बाद सलमान खान ने खुद स्वीकार किया कि यह एक गलतफहमी थी, जिसके बाद दोनों के बीच सुलह हो गई और दोबारा साथ काम शुरू हुआ।
NS: ‘मुझे अब भी कुछ कमिटमेंट्स पूरी करनी हैं’
38 वर्षीय अरिजीत सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि वे संगीत बनाना बंद नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने लिखा,
“ईश्वर मुझपर बहुत मेहरबान रहे हैं। मैं अच्छे संगीत का फैन हूं और एक छोटे कलाकार की तरह सीखता रहूंगा। मुझे अब भी कुछ कमिटमेंट्स पूरे करने हैं, इसलिए इस साल कुछ रिलीज़ आ सकती हैं।”
‘फिर मोहब्बत’ से ‘तुम ही हो’ तक का सुनहरा सफर
अरिजीत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2005 में रियलिटी शो फेम गुरुकुल से की थी।
साल 2011 में इमरान हाशमी की फिल्म मर्डर 2 के गाने फिर मोहब्बत से उन्हें पहचान मिली।
लेकिन असली सफलता आशिकी 2 के गाने तुम ही हो से मिली, जिसने उन्हें घर-घर मशहूर कर दिया।
हिट गानों की लंबी फेहरिस्त
इसके बाद अरिजीत ने ‘चन्ना मेरेया…,अगर तुम साथ हो…, राबता…, केसरिया…, गेरुआ…, ऐ दिल है मुश्किल…, व चलेया…’
जैसे अनगिनत सुपरहिट गाने दिए।
उन्होंने हिंदी के अलावा बंगाली, तमिल, तेलुगु, मलयालम और मराठी भाषाओं में भी गाने रिकॉर्ड किए और देश के सबसे बड़े संगीतकारों के साथ काम किया।
अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास (Arijit Singh Retirement) बॉलीवुड म्यूज़िक इंडस्ट्री के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ है। सलमान खान के साथ विवाद से लेकर सुलह और फिर साथ काम करने तक, उनका सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा।
हालांकि प्लेबैक से विदाई हो रही है, लेकिन यह साफ है कि अरिजीत सिंह की आवाज़ और संगीत का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है।
