कोलकाता। फुटबॉल जगत के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी के बहुप्रतीक्षित GOAT India Tour 2025 के तहत शनिवार को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम (युवा भारती क्रीड़ांगन) में आयोजित कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। इस आयोजन में मेसी की एक झलक पाने के लिए 60 हजार से अधिक प्रशंसक स्टेडियम में मौजूद थे, लेकिन कुप्रबंधन और कमजोर भीड़ नियंत्रण व्यवस्था के चलते कार्यक्रम महज 20 मिनट के भीतर ही समाप्त हो गया।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सुरक्षा कारणों से लियोनेल मेसी को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर स्टेडियम से बाहर जाना पड़ा। नतीजतन, केवल कुछ चुनिंदा मेहमानों और हस्तियों को ही मेसी से मिलने और तस्वीर खिंचवाने का अवसर मिल सका, जिससे आम दर्शकों में गहरी नाराजगी देखी गई।
आयोजकों पर फूटा लोगों का गुस्सा
कार्यक्रम के अचानक समाप्त होने के बाद स्टेडियम के भीतर और बाहर मौजूद दर्शकों ने आयोजकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। सोशल मीडिया पर भी आयोजन को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। लोगों का कहना था कि मेसी जैसे वैश्विक सुपरस्टार के लिए सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर पर्याप्त तैयारी नहीं की गई थी।
शुभश्री गांगुली की तस्वीर पर विवाद
इसी बीच, प्रसिद्ध बंगाली अभिनेत्री शुभश्री गांगुली भी सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गईं। दरअसल, शुभश्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लियोनेल मेसी के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसके बाद उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स ने उन्हें आम दर्शकों की तुलना में “विशेष सुविधा” मिलने को लेकर निशाना बनाया।
हालांकि, अभिनेत्री की इस ट्रोलिंग को लेकर फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में नाराजगी भी देखने को मिली।
पति राज चक्रवर्ती का बचाव
शुभश्री गांगुली के पति और प्रसिद्ध निर्देशक राज चक्रवर्ती ने इस पूरे विवाद पर खुलकर प्रतिक्रिया दी और फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी पत्नी का बचाव किया।
राज चक्रवर्ती ने लिखा,
“कल युवा भारती क्रीड़ांगन में जो अराजकता हुई, वह पूरी तरह अनावश्यक और पीड़ादायक थी। यह फुटबॉल और फुटबॉल प्रेमी बंगालियों दोनों का अपमान है। शहर पहले भी ईस्ट बंगाल और मोहन बागान मैचों के दौरान ऐसी स्थितियां देख चुका है। फिर भी इतने बड़े आयोजन में योजना और ढांचे की इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई?”
उन्होंने आगे सवाल उठाया कि क्या आयोजक मेसी की लोकप्रियता से अनजान थे।
राज चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया कि शुभश्री गांगुली वहां बंगाली फिल्म उद्योग का प्रतिनिधित्व करने के लिए आमंत्रित थीं और उनका इस अव्यवस्था से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने लिखा,
“उनका ‘अपराध’ सिर्फ इतना था कि उन्होंने मेसी के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। इस अराजकता का शुभश्री से कोई लेना-देना नहीं है। वह भी बाकी लोगों की तरह एक फुटबॉल लीजेंड को देखने वहां गई थीं और जो हुआ उससे वह भी आहत हैं।”
‘विरोध और अपमान में फर्क समझना जरूरी’
राज चक्रवर्ती ने ट्रोलिंग करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति, विशेषकर महिला के साथ किया गया व्यवहार समाज पर गहरा असर छोड़ता है।
उन्होंने कहा,
“विरोध और अपमान के बीच एक बड़ा अंतर होता है। कल जो कुछ हुआ, वह सिर्फ एक आयोजन की विफलता नहीं, बल्कि बंगाल और बंगालियों का अपमान है।”
प्रशासन और आयोजकों पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए सुरक्षा एजेंसियों, प्रशासन और आयोजकों के बीच समन्वय क्यों नहीं था। फुटबॉल प्रेमियों का मानना है कि मेसी जैसे वैश्विक खिलाड़ी की मेजबानी के लिए जिस स्तर की तैयारी अपेक्षित थी, वह कहीं नजर नहीं आई।

